Monday, December 11, 2023

मच्छर भगाने के 5 घरेलू उपाय, इन चीज़ों का इस्तेमाल करने से गायब हो जाएंगे मच्छर

गर्मी एवं मॉनसून के मौसम में मच्छरों का प्रकोप (mosquito outbreak) बढ़ जाता है। इस मौसम में डेंगू, मलेरिया जैसी घातक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में मच्छरों से बचने के लिए हम कई संभव प्रयास करते हैं, लेकिन फिर भी मच्छरों के प्रकोप से खुद को पूरी तरह से सुरक्षित नहीं रख पाते हैं। मच्छरों के काटने से खुजली होना स्वाभाविक है। इस कारण मच्छर के काटने वाली जगह पर लाल निशान और सूजन आ जाती है।

शाम होते ही मच्छरों का आतंक सबकी परेशानी का सबब बनने लगता है। इन्हें भगाने के लिए कहीं नीम की पत्तियां सुलगायी जाती हैं, कहीं हिट मारी जाती है तो कहीं कौयल जलाये जाते हैं। सरकार भी मच्छरों से शहर को निजात दिलाने के लिए तमाम चीजें करती है। गली गली मच्छर मार दवा का छिड़काव या धुएं वाली गाड़ी दौड़ायी जाती है, नालियां, गड्ढे और जलभराव की जगहें साफ करवायी जाती हैं। मगर फिर भी मच्छरों का आतंक कम नहीं होता। मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से लोग परेशान रहते हैं। आज हम आपको उन पांच घरेलू उपाय के बारे में बताएंगे जिसे अपनाने के बाद मच्छर आपके घर के आसपास नही भटकेंगे। आइये जानते हैं उन घरेलू उपायों के बारे में। (Home Remedies to Get Rid of Mosquitoes)

लहसुन से मच्छर भगाना (Garlic)

लहसुन का प्रयोग आमतौर पर खाने में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन लहसुन से आप मच्छरों को भी भगा सकते हैं। मच्छरों को दूर रखने के लिए लहसुन एक सरल और अच्छा तरीका है। इसके बदबूदार होने के कारण से मच्छर दूर भागते हैं। लहसुन की तीखी और कटु गंध मच्छर के काटने से और यहां तक ​​कि अपने घर में प्रवेश करने से भी रोकती हैं। इस उपाय का उपयोग करने के लिए आप लहसुन की कुछ फली पीसकर पानी में उबाल लें और जिस कमरें को आप मच्छर मुक्त रखना चाहते हैं वहां चारों ओर स्प्रे करें। इसके स्प्रे करने के बाद आप देखेंगे कि कमरे और घर के मच्छर काफी कम हुए है। इसी प्रक्रिया को आप लगातार 2-3 करते हैं तो मच्छर पूरी तरह खत्म हो जाएंगे।

कॉफी से मच्छर भगाना (Coffee)

भारत दुनिया की सबसे बड़ी चाय संस्कृतियों में से एक है,लेकिन उतनी ही मात्रा में कॉफी का भी इस्तेमाल भारत में होता है। पर क्या आपको पता है कि कॉफी का इस्तेमाल बस पीने के लिए नही किया सकता। इसका इस्तेमाल आप मच्छरों को भगाने के लिए भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको कॉफी के पाउडर को मच्छरों के अंडा वाले जगह पे डालना होगा। मच्छर एक बार में बहुत सारे अंडे देते है। इन अंडों से एक बार में सैकड़ों मच्छर पनपते हैं जिसको नष्ट करना आपके लिए जरूरी है। कॉफी पाउडर डालते ही मच्छरों के अंडे नष्ट हो जाएंगे। इस घरेलू उपाय से आपके घर के आसपास मच्छर नही भटकेंगे।

यह भी पढ़ें :- घरेलू नुस्खे: फूल गोबी और हरी सब्जियों से कीड़े निकालने का देसी ट्रिक

पुदीना से मच्छर गायब (Mint)

पुदीने की पत्त‍ियों को मुख्य रूप से चटनी बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। इसकी चटपटी चटनी खाने के स्वाद को दोगुना कर देती है। पर पुदीना का उपयोग आप मच्छर को भगाने के लिए भी कर सकते हैं। मच्छरों को पुदीने की खुशबू उन्हें अपने जगह से दूर भगाती है। इसके लिए आप पुदीना को पहले पीस लें। पीसने के बाद पुदीने के रस को एक स्प्रे बोतल में जमा करें। इसको जमा करने के बाद घर के ऐसे जगहों पर छिड़काव करें जहाँ मच्छर हों। लगातार 2-3 ऐसा करने से मच्छर आपके घर से भागने लगेंगे।

नीम के तेल का उपयोग (Neem Oil)

नीम औषधीय गुणों का भंडार होता है। इसकी खासियत यह है कि इसके पत्ते, तना व फल, सभी बहुत काम के है, यानी नीम का हर हिस्सा किसी न किसी बीमारी के इलाज में काम आता है। आयुर्वेद में इसका बहुत महत्व है। नीम त्वचा के रोगों को दूर करने में रामबाण काम करता है। आपको बता दें कि नीम के तेल से आप मच्छरों को अपने पास आने से रोक सकते हैं। नीम के प्रभाव से मच्छर घर में रहना पसंद नही करते हैं। इसके लिए आपको नीम के तेल को अपने शरीर पर लगाना होगा। आप अपने शरीर पर इसका इस्तेमाल लोशन के रूप में करें। शरीर पर लगाने से यह मच्छरों को पास आने से रोकता है। यह बहुत ही आसान घरेलू उपाय है।

सोयाबीन के तेल से मच्छर गायब (soybean)

घर में आप कई तरह के तेल का उपयोग करते होंगे। कुछ तेल खाना बनाने के लिए, तो कुछ तेल बालों में लगाने के लिए। कभी-कभी लोग तेल को शरीर व चेहरे पर भी लगाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। त्वचा को जवां बनाए रखने और उसे पोषण देने में भी सोयाबीन तेल मदद करता है। सोयाबीन की एक और खूबी के बारे में शायद आप नही जानते होंगे। यह मच्छरों को दूर भगाने के लिए भी उपयोग किया जा सकता है। अगर आपके घर में अधिक मच्छर हैं तो आप इससे बचने के लिए सोयाबीन का तेल इस्तेमाल करें। इसके लिए आपको रात में सोने के समय सोयाबीन के तेल को अपने शरीर पर लगा लेना है। शरीर पर लगाते ही यह अपना असर दिखाने लगेगा। इससे मच्छर आपके शरीर पर नही बैठेंगे। यह बहुत ही आसान घरेलू उपाय है।

Disclaimer The Logically के द्वारा इस आर्टिकल को लिखने का उद्देश्य हमारे पाठकों के बीच जानकारी प्रदान करना है। अधिक समस्या होने पर आप डॉक्टर की जरूर लें।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे अपने दोस्तों के साथ शेयर जरूर करें।