Wednesday, December 13, 2023

होली में एक बार फिर कोरोना का साया, कई राज्यों में विशेष गाइडलाइंस हुई जारी

पिछले साल की तरह इस बार भी होली का त्योहार हम कोरोना के साये में मनाने वाले हैं। कुछ दिनों से कई राज्यों में बढ़ते संक्रमण के मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर होली और शब-ए-बारात समेत अन्य त्योहारों में भीड़-भाड़ रोकने के निर्देश (Guidelines for holi 2021) दिए हैं।

राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में किन राज्यों में क्या गाइडलाइंस लागू है इसके बारे में जान लेते हैं।

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पब्लिक प्लेस पर होली खेलने पर रोक लगा दी गई है। कोरोना के केस बढ़ने पर दिल्ली सरकार ने होली उत्सव को लेकर कुछ गाइडलाइंस जारी की हैं। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कहा कि दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके तहत लोग पार्क या सार्वजनिक जगहों पर इकट्ठा नहीं हो सकते।

Holi Celebration

चौराहों पर भी पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि ट्रैफिक को नियंत्रित करने के साथ-साथ शराब और भांग पीकर वाहन चलाने वालों की धर-पकड़ की जा सके।

उत्तर प्रदेश: राज्य सरकार ने होली से पहले विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार होली पर किसी भी तरह के आयोजन या उत्सव से जुड़े कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। कोई भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रशासन से विशेष अनुमति लेनी होगी। मुख्यमंत्री योगी होली शोभायात्रा में शामिल होने के लिए अपने गढ़ गोरखपुर में मौजूद रहेंगे।

हरियाणा: राज्य सरकार ने होली के त्योहार को लेकर सार्वजनिक उत्सव पर रोक लगा दी है। यह जानकारी खुद हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करते हुए दी।

महाराष्ट्र: कोरोना संक्रमण को लेकर राज्य की हालत काफी चिंताजनक बनी हुई है। राज्य सरकार ने सख्ती बढ़ाते हुए महाराष्ट्र में 28 मार्च से नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर होली समारोह मनाने पर रोक लगा दी है।

यह भी पढ़ें :- श्री राम शोध पीठ में खुल रही है देश की सबसे बड़ी लाइब्रेरी, अयोध्या में यह आकर्षण का केंद्र होगा

गुजरात: कोरोना केस में लगातार बढ़ोतरी के मद्देनजर गुजरात सरकार ने होली के दौरान सार्वजनिक उत्सव पर रोक लगा दी है। हालांकि होलिका दहन और छोटे आयोजनों को करने की अनुमति दी गई है।

पंजाब: राज्य में होली मिलन समारोह पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोरोना के बढ़ते हुए केसों को देखते हुए राज्य में टेस्टिंग को बढ़ाया जा रहा है।

मध्य प्रदेश: एमपी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घर के अंदर ही होली उत्सव मनाने की अपील की है, साथ ही होली के अवसर पर इस बार राज्य में कहीं भी कोई मेला नहीं लगेगा। शादी समारोह और अन्य कार्यक्रमों में सीमित संख्या में लोगों को शामिल होने की अनुमति है।

Holi Celebration

उत्तराखंड: राज्य सरकार ने होली उत्सव के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गाइडलाइंस के तहत होलिका दहन कार्यक्रम में वहां की क्षमता के अनुसार सिर्फ 50 प्रतिशत लोगों को ही शामिल होने की अनुमति है।

राजस्थान: राज्य सरकार ने सार्वजनिक रूप से त्यौहार मनाने पर रोक लगा दी है। सरकार ने आदेश दिया है कि होली और शब-ए-बारात को सार्वजनित तौर पर नहीं मनाया जाए।

क्या होली के दौरान यात्रा कर सकेंगे?

इस दौरान यात्रा (Travel guideline for holi) पर कोई पाबंदी नहीं होगी। लेकिन कुछ राज्यों में फ्लाइट, रेल या बस से पहुंचने वाले यात्रियों का कोरोना टेस्ट अनिवार्य रूप से कराना होगा।

वहीं दिल्ली में 29 मार्च को होली के दिन सभी रूट की मेट्रो सेवाएं दोपहर 2.30 बजे तक बंद रहेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (Delhi Metro Rail corporation) ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है।