Wednesday, December 13, 2023

बाज़ार से खरीदा सरसों का तेल ओरिजिनल है या नकली? इस तरीके से आसानी से पता चल जाएगा

भारत में सरसों का तेल (Mustard Oil) खाना पकाने के लिए सबसे पसंदीदा तेलों में से एक रहा है। हालांकि, वर्तमान में अनेकों प्रकार के खाद्य तेलों का उपयोग किया जा रहा है लेकिन अभी भी भारत की एक बड़ी आबादी सरसों तेल का इस्तेमाल करती है। चूँकि, सरसों तेल का उपयोग करने से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं, लेकिन आजकल अन्य खाद्य पदार्थों की तरह ही सरसों के तेल में भी मिलावट किया जा रहा है और बाजार में भारी मात्रा में नकली सरसों के तेल की बिक्री हो रही है।

सरसों के तेल (Mustard Oil) मिलावट करना आसान है। बता दें कि खाना पकाने के इस तेल में आग्रेमोन तेल और कई निम्न गुणवत्ता वाले तेलों को मिलाया जाता है। इससे तेल की पौष्टिकता, गुणवत्ता और शुद्धता कम हो जाती है, जिससे हमारे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। हालांकि, अब आपको परेशान होने की जरुरत नहीं है क्योंकि आज हम आपके लिए कुछ ऐसे तरीके लेकर आए हैं जिससे आप पहचान सकते हैं कि सरसों का तेल असली है या नकली।

करें फ्रीजिंग टेस्ट

फ्रीजिंग टेस्ट, सरसों का तेल असली है या नकली यह जानने का एक तरीका है। फ्रीजिंग टेस्ट करने के लिए एक बर्तन में सरसों का तेल डालकर उसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें। कुछ समय बाद यदि तेल जमा हुआ लगे या उसपर सफेद धब्बे जैसा दिखाई दे तो इसका अर्थ है कि सरसों का तेल मिलावटी है अर्थात नकली हो।

रबिंग टेस्ट से पता करें

यह भी सरसों तेल की शुद्धता की जांच करने का एक तरीका है। इसके लिए आप अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल रखकर तेल को हाथों पर अच्छी तरह रगड़ लें। ऐसा करने पर यदि आपके तेल से रंग निकलता है या केमिकल की बदबू आती है तो इसका अर्थ यह है कि सरसों का तेल नकली है। रबिन्ग टेस्टिंग सरसों तेल की शुद्धता की जांच करने का सबसे सरल तरीका है।

नाइट्रिक एसिड से करें जांच

नाइट्रिक एसिड की मदद से भी सरसों तेल असली है या नकली इसका पता आसानी से लगाया जा सकता है। सरसों तेल में मिलावट है या नहीं इसकी जांच करने के लिए एक बाउल में एक बड़ा चम्मच तेल डालकर उसमें 5ml नाइट्रिक एसिड मिलाएं। यदि उस मिश्रण का रंग येलोईश ऑरेंज हो जाता है तो इसका अर्थ है कि तेल में आर्गेमोन तेल की मिलावट की गई है और तेल नकली है।

यह भी पढ़ें :- यदि आप भी करते हैं गैस सिलेंडर का इस्तेमाल तो अपनाइए ये सेफ्टी टिप्स

क्यों होता है रंग में बदलाव?

यदि तेल के रंग में परिवर्तन होता है तो इसका मतलब है कि उसमें आर्गेमोन ऑयल की मिलावट की गई है। जानकारी के लिए बता दें कि आर्गेमोन ऑयल जहरीले पॉली साइक्लिक साल्ट के मौजूदगी की ओर संकेत करता है, जिसे सेंगुइनारिन कहा जाता है। यह रिएक्शन बहुत ही संवेदी होता है और सेंगुइनारिन नाइट्रेट बनने की वजह से तेल के रंग में बदलाव आता है। रंग परिवर्तित होने का मतलब है कि तेल में मिलावट की गई है।

बैरोमीटर टेस्ट से करें तेल की पहचान

बता दें कि असली सरसों के तेल (Mustard Oil) की 58 से 60.5 बैरोमीटर रीडिंग होती है। ऐसे में यदि रीडिंग इससे अधिक होती है तो इसका अर्थ है कि तेल में मिलावट है और वह नकली है। बैरोमीटर की मदद से यह पता लगाया जा सकता है कि तेल असली है या नकली।

अम्लिकृत पेट्रोलियम ईथर द्वारा करें टेस्ट

इस टेस्ट के लिए आपके पास अम्लिकृत पेट्रोलियम ईथर होना चाहिए। आप चाहें तो इसे बाजार से खरीद सकते हैं। इससे जांच करने के लिए 1 मिलीलीटर सरसों के तेल में 10 मिलीलीटर अम्लिकृत पेट्रोलियम ईथर मिलाएं। इस मिश्रण में 2 मिनट बाद मोलिब्डेट की एक बूंद डालें। अब यदि तेल का रंग मैला या गंदा हो जाता है तो इसका अर्थ है कि तेल में अरंडी के तेल की मिलावट की गई है।

सरसों तेल के स्वास्थ्य मानक

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत एक स्थापित वैधानिक निकाय है, जिसकी स्थापना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत की गई है। अभी यह खाद्य सुरक्षा और विनियमन से संबंधित एक कानून है, जिसके अनुसार लोगों को इस बारे में बताया जाता है कि वे क्या खा रहें हैं। इस बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए किसी भी पदार्थ पर लेबलिंग होता है, जिसपर पोषण संबंधी जानकारी, सामग्री की लिस्ट और भी बहुत कुछ लिखा होता है। इसलिए सभी लोगों को सबसे पहले जानकारी के लिए खाद्य पदार्थों पर चिपके लेबल को पढ़ना चाहिए। यदि आप भी तेल खरीदने जाएं तो सबसे पहले बोतल पर दी गई जानकारी को अच्छी तरह से पढ़ें।

तेल खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान

  • कभी भी मार्केट में मिलने वाले खुले तेल का इस्तेमाल ना करें इससे हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
  • ब्रांड कंपनी का ही तेल खरीदें।
  • FSSAI मार्क लगे तेल को ही खरीदें।

आशा करते हैं आपको हमारी तरफ से दी गई ये जानकारी अच्छी लगी होगी। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।