आज हर छोटे-बड़े शहरों में अनेकों रेस्टोरेंट खुल गए हैं लेकिन अंडरवाटर रेस्टोरेंट (Underwater Restaurant) का प्रचलन बहुत कम है। अंडरवाटर का मतलब ही पानी के अंदर होता है। पहली दफा सुनने में यह थोड़ा अजीब लगता है कि पानी के अंदर बैठकर भोजन करना लेकिन तकनीक की दुनिया में अब यह भी मुमकिन है।
आइए जानते हैं भारत में मौजूद पहले अंडरवाटर रेस्टोरेंट के बारे में जो लजीज़ खाना मुहैया करवाने के साथ ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित भी करते हैं।
देश का पहला अंडरवाटर रेस्टोरेंट
देश के पहले ‘अंडरवाटर रेस्टोरेंट’ की शुरुआत वर्ष 2016 में गुजरात के अहमदाबाद शहर में हुई थी। इस रेस्टोरेंट के मालिक का नाम भरत भट्ट है। एक समय था जब केवल विदेशों में ही ऐसे रेस्टोरेंट देखने को मिलते थे, लेकिन अब हमारे देश में भी लोग इसका लुत्फ उठा रहे हैं।
अहमदाबाद के सरदार पटेल रिंग रोड पर स्थित इस अंडरवाटर रेस्टोरेंट का नाम “Real Poseidon” है। भूमि से 20 फीट नीचे बने एक्वेरियम जैसे इस रेस्टोरेंट को बनाने में 1.60 लाख लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया है। इस रेस्टोरेंट को बनाने में कुल लागत 3 करोड़ रुपये आई है। इस रेस्टोरेंट में करीब 32 लोग बैठ सकते हैं।
इसे आकर्षक बनाने के लिए 4000 भिन्न-भिन्न प्रजातियों और रंगों की मछलियां रखी गईं हैं। यह रेस्टोरेंट पूरी तरह से शाकाहारी है। इस रेस्टोरेंट में खाना खाने वाले लोगों को यह अनुभूति होती है कि वे समुद्र के अंदर बैठकर खाना खा रहे हैं।
समुद्र के देवता के नाम पर पड़ा नाम
इस रेस्टोरेंट का नामकरण समुद्र के देवता के नाम पर किया गया है। Real Poseidon का मतलब होता है ‘समुद्र के देवता।’
वहीं इस रेस्टोरेंट में पंजाबी, मैक्सिकन, थाई और चाइनीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया जा सकता है। यहां आने के लिए आप ऑनलाइन टेबल बुक कर सकते हैं और खाते समय रंगीन मछलियों को अपने आसपास घूमते भी देख सकते हैं। साथ ही लजीज व्यंजनों के साथ-साथ ऑर्केस्ट्रा का लुत्फ भी उठा सकते हैं।